रायगढ़। बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में पिछले 10 माह से फरार चल रहे आरोपी अजय गोस्वामी (32 वर्ष) निवासी कुसमुंडा, जिला कोरबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” अभियान के तहत तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
ट्रेलर लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार अजय गोस्वामी, 1.56 करोड़ की संपत्ति पहले ही हो चुकी है बरामद।
पुलिस के अनुसार अजय गोस्वामी अपने परिजनों और अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रेलर लूट की वारदात में शामिल था। आरोपियों ने पांच ट्रेलर वाहनों को लूटकर ओडिशा में छिपा दिया था। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अजय गोस्वामी और एक अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद आरोपी लगातार पुलिस से बचता रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान तमनार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कोरबा में दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गौरतलब है कि 18 अगस्त 2025 को हुंकराडीपा के पास ट्रेलर लूट और चालकों से मारपीट की घटना सामने आई थी। जांच के दौरान पुलिस ने ओडिशा से चार ट्रेलर वाहन, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त कार सहित कुल 1.56 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की थी। मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।



