महासमुंद(जीतयादव)। तेन्दूकोना पुलिस ने सोलर प्लांट में सेंधमारी कर कॉपर वायर चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले बर्तन व्यवसायी के खिलाफ भी कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने 16 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई जा रही है।
चोरी का माल खरीदने वाले बर्तन व्यवसायी पर भी कार्रवाई, 16 किलो सोलर प्लांट का कॉपर वायर बरामद।
जानकारी के अनुसार विपुल विद्युत प्राइवेट लिमिटेड, तेन्दूकोना के सोलर प्लांट से कॉपर केबल वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रार्थी महेश कुमार तारम ने पुलिस को बताया कि 12 नवंबर 2025 की रात से 14 नवंबर 2025 की शाम के बीच अज्ञात चोरों ने ग्राम साल्हेभांठा स्थित प्लांट की बाउंड्री में लगे फेंसिंग तार को काटकर अंदर प्रवेश किया और कॉपर वायर चोरी कर फरार हो गए। शिकायत पर तेन्दूकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को संदेह के आधार पर ग्राम बगारपाली निवासी टिकेश्वर भास्कर (26 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कॉपर वायर को उसने ग्राम शिकारीपाली स्थित एक बर्तन दुकान में बेच दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शिकारीपाली निवासी दिनेश कंसारी, संचालक राज बर्तन फर्नीचर, के पास से चोरी का कॉपर वायर बरामद किया। चोरी का सामान खरीदने के आरोप में बर्तन व्यवसायी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 16 किलो कॉपर वायर बरामद कर जब्त कर लिया है। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।



