रायगढ़(जीतयादव)। रायगढ़ पुलिस एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार (31 वर्ष), निवासी केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल पर लगा है, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अधिवक्ता आराधना सिदार के द्वारा शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ने रची हत्या की साजिश।
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को थाना पूंजीपथरा क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था। इसके बाद थाना पूंजीपथरा में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से पुलिस को अहम सुराग मिला। मृतिका के परिजनों को घटनास्थल से बरामद कपड़े, सैंडल और फोटो दिखाए गए, जिससे शव की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मोटरसाइकिल पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। वह पहले से शादीशुदा था और मृतिका लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह 10 मई को आराधना को अपने साथ सक्ती और दमाऊधारा मंदिर ले गया था। बाद में दोनों एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया।
अगले दिन आरोपी आराधना को सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया और वहां गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद उसने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और शक से बचने के लिए मृतिका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज में बात भी की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य अहम साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।



