रायगढ़(जीतयादव)। रायगढ़ महिला थाना पुलिस और साइबर टीम ने Instagram के जरिए युवती से दोस्ती कर छेड़खानी, धमकी और ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती के इंस्टाग्राम आईडी से उसके परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर परेशान कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
Instagram में अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर धमकाने वाला युवक जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 14 मई 2026 को महिला थाना रायगढ़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब 7-8 महीने पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सौरभ सिंह राजपूत से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी।
पीड़िता के मुताबिक, 5 जनवरी 2026 को आरोपी रायगढ़ आया और मेडिकल कॉलेज रोड, चक्रधरनगर क्षेत्र में मिलने बुलाया। वहां आरोपी ने गलत नियत से उसका हाथ पकड़कर छेड़खानी की और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से युवती ने यह बात परिवार को नहीं बताई।
इसके बाद आरोपी लगातार युवती को फोन कर परेशान करता रहा। बातचीत बंद करने पर वह धमकी देने लगा। युवती ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को आरोपी ने उसके साथ घूमने चलने का दबाव बनाया और मना करने पर Instagram में वीडियो वायरल करने की धमकी दी। भय के कारण युवती आरोपी के साथ मथुरा चली गई। बाद में 4 मई 2026 को वह ट्रेन से वापस रायगढ़ लौट आई, लेकिन आरोपी उसका मोबाइल अपने पास रख लिया।
शिकायत के बाद भी आरोपी नहीं रुका और युवती के Instagram आईडी से उसके परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने लगा। मामले में महिला थाना पुलिस ने धारा 74, 75, 79 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी दौरान आरोपी के रेलवे स्टेशन के पास होने की सूचना मिली। महिला थाना और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को चक्रधरनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को यूट्यूबर बताते हुए अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त OnePlus Nord CE 2 Lite 5G मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह राजपूत पिता श्याम किशोर सिंह (24 वर्ष), निवासी लश्करगंज, थाना टिकारी, जिला गया (बिहार) को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।



