महासमुंद(जीतयादव)। थाना कोमाखान पुलिस और एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 200 किलो गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ओडिशा के पहाड़ी और जंगलों से घिरे ग्राम ईश्वरगुड़ा, थाना चित्रकोंडा, जिला मलकानगिरी से पकड़ने में सफलता हासिल की।
1 करोड़ की गांजा खेप उपलब्ध कराने वाले आरोपी को मलकानगिरी से किया गिरफ्तार।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 30 मार्च 2026 को थाना कोमाखान क्षेत्र के ग्राम टेमरी जांच नाका में वाहन चेकिंग के दौरान डिजायर कार क्रमांक JH 01 FZ 4071 से 200 किलो अवैध गांजा जब्त किया गया था। गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ रुपए आंकी गई थी। मामले में परिवहन में प्रयुक्त डिजायर कार और पायलटिंग वाहन सहित कुल 1 करोड़ 78 लाख 2400 रुपए की संपत्ति जब्त की गई थी।
उस दौरान पुलिस ने गांजा परिवहन करते हुए युवराज नायक और केशव दयाल को गिरफ्तार किया था, जबकि पायलटिंग कर रहे राहुल अग्निहोत्री को भी पकड़ा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि गांजा ओडिशा से खरीदा गया था और उसे उत्तरप्रदेश में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।
मामले की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस को मुख्य सप्लायर बाबुला मुदली तक पहुंचने में सफलता मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मलकानगिरी जिले के जंगलों के बीच बसे ग्राम ईश्वरगुड़ा में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी बाबुला मुदली पिता दमु मुदली (30 वर्ष) निवासी ईश्वरगुड़ा, थाना चित्रकोंडा, जिला मलकानगिरी, ओडिशा के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



