महासमुंद(जीतयादव)। जिले में महिला संबंधी अपराधों पर महासमुंद police लगातार त्वरित कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना पटेवा पुलिस ने घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घर में घुसकर महिला को धमकाने और दुष्कर्म की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 13 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है। पीड़िता अपने घर में पानी भर रही थी, तभी आरोपी सुरेश डोरा निवासी ग्राम पचरी जबरन उसके घर में घुस गया। आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौच करते हुए धमकी दी और दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना पटेवा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी सुरेश डोरा पिता राधेश्याम डोरा, निवासी ग्राम पचरी थाना पटेवा के खिलाफ धारा 64/62, 296, 351(3), 127(2), 74, 75(2), 332(ख) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
महासमुंद पुलिस ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



