बसना(जीतयादव)। बसना कृषि उपज मंडी में वर्षों बाद रबी धान खरीदी फिर से शुरू होने जा रही है। मंडी प्रशासन ने 11 मई 2026 से मंडी परिसर में खुली बोली के माध्यम से धान खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया है। इस फैसले से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों का कहना है कि अब उन्हें अपनी उपज का बेहतर और उचित मूल्य मिल सकेगा।
किसानों की मांग पर मंडी प्रशासन का फैसला, बेहतर दाम और सुरक्षित भुगतान मिलने की उम्मीद।
दरअसल पिछले कई वर्षों से बसना मंडी में रबी धान की नियमित खरीदी बंद थी। इसके कारण किसान मजबूरी में व्यापारियों को कम कीमत पर धान बेचने को विवश थे। किसानों का आरोप था कि खुले बाजार में प्रतिस्पर्धा नहीं होने के कारण उन्हें लागत के अनुसार दाम नहीं मिल पा रहे थे।
![]()
इसी समस्या को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में किसान मंडी पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर रबी धान खरीदी शुरू करने की मांग की। किसानों ने शासन द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार खरीदी सुनिश्चित करने की बात कही।
किसानों की मांग पर अधिकारियों ने चर्चा के बाद सोमवार 11 मई से खुली बोली के माध्यम से धान खरीदी शुरू करने का फैसला लिया। अधिकारियों ने किसानों से अधिक से अधिक मात्रा में धान लाने की अपील की। मंडी प्रशासन ने बताया कि अब तक केवल सौदा पत्रक के जरिए खरीदी हो रही थी, जबकि खुली बोली व्यवस्था बंद थी। इससे किसानों को भुगतान संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

किसान उग्रसेन साखरे सहित अन्य किसानों ने प्रशासन के फैसले का स्वागत किया। किसानों का कहना है कि खुली बोली शुरू होने से उन्हें बेहतर दाम और सुरक्षित भुगतान मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।इस दौरान केशव साव, मिनकेतन, धर्मानंद, सोनसाय, भुवनेश्वर, मुकुंद, निर्मल, चित्रसेन, सुखराम, संतोष, लोकनाथ, धनेश्वर, दिगंबर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



