बसना(जीतयादव)। यूरिया खाद वितरण को लेकर उठे विवाद के बीच बसना विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और खेती-किसानी से जुड़े फैसले किसानों के हित में नहीं लिए जा रहे हैं।
मोक्ष कुमार प्रधान ने एक एकड़ में केवल एक बोरी यूरिया देने के फैसले को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि खेत की जरूरत सरकारी नियमों से नहीं, बल्कि जमीन की वास्तविक स्थिति से तय होती है। पर्याप्त खाद नहीं मिलने से फसल उत्पादन प्रभावित होगा और इसका सीधा असर किसानों की आय पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि किसान पहले ही मौसम की मार, बढ़ती महंगाई और खेती की बढ़ती लागत से परेशान है। ऐसे समय में खाद पर प्रतिबंध जैसी स्थिति किसानों की समस्याओं को और बढ़ा रही है। उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि क्या सरकार में कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जो किसानों की परेशानी को समझ सके।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों के हक की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार किसान हितैषी होने का दावा तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसान परेशान और निराश दिखाई दे रहा है।
उन्होंने मांग की कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती प्रभावित न हो और किसान बिना परेशानी खेती कर सकें।




