बसना(जीतयादव)।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जिला महासमुंद (RSS) के खंड बसना, छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा सामाजिक सदभाव विषय पर मंगल भवन बसना में विशेष बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्र प्रचार प्रमुख श्री कैलाशचंद्र जी उपस्थित रहे। बैठक में समाज के प्रमुख लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS)की बैठक में सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति पर विस्तृत विचार किया गया ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) बैठक की शुरुआत भारत माता के पूजन-अर्चन के साथ की गई। इसके पश्चात मुख्य वक्ता श्री कैलाशचंद्र जी ने सामाजिक सदभाव , सेवा एवं सनातन संस्कृति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही राष्ट्र को मजबूत बनाता है तथा समाज में आपसी भाईचारा और सदभाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
अपने उद्बोधन में उन्होंने सनातन संस्कृति और भारतीय दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि संपूर्ण सृष्टि में एक ही चेतना का वास है। उन्होंने बताया कि जीव शून्य से अनंत की यात्रा करता है और मानव जीवन का उद्देश्य धर्म का पालन करते हुए अधर्म का नाश करना है।
उन्होंने कहा कि पवित्र भारत भूमि विविधताओं में एकता का प्रतीक है। यहां अनेक संस्कृतियां, परंपराएं और मान्यताएं होने के बावजूद समाज एक सूत्र में बंधा हुआ है, जिसे समभाव कहा जाता है।बैठक में लगभग 35 समाज प्रमुखों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई तथा सामाजिक सदभाव को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।



