सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला बोडेसरा में बाल सभा का आयोजन कर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बाबा साहेब के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके विचारों को याद किया गया।
बच्चों को बाल सभा में शिक्षा और संघर्ष का संदेश, बाबा साहेब के विचारों से लिया प्रेरणा।
बाल सभा कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं पालकों को संबोधित करते हुए प्रधान पाठक बनमोती चिन्तामणि भोई ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक महान व्यक्ति नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा हैं। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिलाया और देश को मजबूत संविधान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उन्होंने बच्चों को बाबा साहेब के जीवन संघर्षों से प्रेरणा लेने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही बताया कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे गरीबी, अज्ञानता और सामाजिक कुरीतियों को दूर किया जा सकता है। बच्चों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक क्षेत्रपाल भोई ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी, पालक एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।



