सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला मुधा में कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों के लिए भावपूर्ण एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के स्वागत से हुई, जिसमें पुष्पगुच्छ, तिलक और रंगगुलाल से उनका अभिनंदन किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह और सम्मान का माहौल देखने को मिला।
कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों को विदाई समारोह में“चमकता सितारा” सहित कई सम्मान, यादगार पलों के साथ दी विदाई।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने किया, जिन्होंने अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इसके बाद कक्षा पाँचवीं के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय में बिताए गए पलों, शिक्षकों के मार्गदर्शन और साथियों के साथ जुड़ी यादों को भावुक शब्दों में व्यक्त किया। इस दौरान कई बच्चे भावुक हो गए।

कार्यक्रम में मनोरंजक खेल एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। साथ ही पूरे वर्ष में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले छात्रों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
प्रधान पाठक श्रीमती शीला विश्वास ने कक्षा पाँचवीं के शाला नायक जयंत साहू को “चमकता सितारा” की उपाधि देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने और नए परिवेश में स्वयं को ढालने के लिए प्रेरित किया।

सहायक शिक्षक हीरा राम पटेल ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर फलाहार वितरित किया गया तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी का आभार व्यक्त किया गया।



