बसना(जीतयादव)।अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम कलमीदादर और धनापाली में मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने छापेमारी कर करीब 54 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है, जिससे क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
अवैध महुआ शराब पर कलमीदादर और धनापाली में पुलिस की रेड, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुमार सिंह सिदार और रामप्रसाद चौहान को मौके से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से बरामद महुआ शराब की कीमत लगभग 10,800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की। ग्रामीण इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
![]()
अधिकारियों का कहना है कि जिले में शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके लिए थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो समय-समय पर छापेमारी कर अवैध कारोबार पर रोक लगाने का काम कर रही हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



