बसना(जीतयादव)। थाना बसना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर में पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जप्त की गई है।
गढ़फुलझर में अवैध महुआ शराब के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़फुलझर में सुरंगी नाला के पास एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पुछताछ में आरोपी ने अपना नाम ओकेश बेहरा (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम गढ़फुलझर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक जरकीन में करीब 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2000 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।



