रायगढ़(जीतयादव)। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी शिव नागवंशी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले 9 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
चोरी की बाइक खरीदने वाले 9 आरोपी भी दबोचे; करीब 15 लाख की संपत्ति जब्त।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम धौराडांड निवासी सुखदेव चौहान अपने साथी शिव नागवंशी के साथ मिलकर पूंजीपथरा, धरमजयगढ़ और ओड़िशा के भीड़-भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी कर सस्ते दामों में बेच रहा है।

पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कई बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ पेचकस और अन्य औजारों की मदद से मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर चोरी करता था। चोरी के बाद बाइक को सुनसान स्थानों पर छिपाकर बाद में कम कीमत में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोटरसाइकिल बरामद कीं, जबकि 7 मोटरसाइकिल मुख्य आरोपी के घर के पास छिपाकर रखी गई थीं। इस कार्रवाई में साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।




