महासमुंद(जीतयादव)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में महासमुंद थाना की टीम ने अवैध शराब परिवहन करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बेलसोण्डा रेलवे फाटक के पास पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घोड़ारी शराब दुकान से अधिक मात्रा में देशी मसाला शराब लेकर मोटरसाइकिल से जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेलसोण्डा रेलवे फाटक के आगे एनएच-353 मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को रोका। पूछताछ में युवक ने अपना नाम इरफान खान (21 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 3 स्टेशन पारा महासमुंद बताया।

तलाशी लेने पर आरोपी के मोटरसाइकिल में रखी सफेद बोरी से 50 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसमें प्रत्येक में 180 एमएल शराब भरी हुई थी। कुल मिलाकर करीब 9 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 5000 रुपये बताई गई है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GZ 1822 भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 35 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।



