सरायपाली(जीतयादव)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिले के अलग-अलग स्थानों से गांजा और नशीली टैबलेट बरामद की है। पुलिस ने सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में बाइक से 6 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं महासमुंद में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से 700 नग नशीली टैबलेट भी बरामद की गई है।
एनएच-53 रेहटीखोल में नाकाबंदी कर पुलिस ने पकड़ा, ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था गांजा ।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से बाइक में मादक पदार्थ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-53 के रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध टीवीएस मोटरसाइकिल (CG11 AZ 3766) को रोका। तलाशी के दौरान बाइक में रखे बैग से 6 किलो गांजा बरामद हुआ।

मामले में पुलिस ने दो आरोपियों देवचरण रात्रे (46 वर्ष), निवासी बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा और किशोर राउतिया (25 वर्ष), निवासी पेटूपाली, जिला बरगढ़ (ओडिशा) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था।
![]()
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 किलो मादक पदार्थ, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये, तथा दो मोबाइल फोन (20 हजार रुपये) जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है।


