सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध गतिविधियों और अंतरराज्यीय सीमा पर संदिग्ध परिवहन की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकदी और लग्जरी वाहनों को जब्त किया है। तलाशी के दौरान कार से 500 रुपये के 25 बंडल, 200 रुपये के 10 बंडल और 100 रुपये के 5 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट होने के कारण कुल 15,00,000 रुपये की नकदी बरामद हुई।
सिरपुर नाका पर चेकिंग में पुलिस ने लाखों रुपये बरामद किया , वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर BNSS की धारा 106 के तहत कार्रवाई।
थाना बलौदा के सिरपुर नाका पर चेकिंग के दौरान एक XUV कार (OD 08 AA 4159) को रोका गया। कार में सवार केशव अग्रवाल (24 वर्ष) और गोविंद चंद मुंड (52 वर्ष) निवासी मंदर बगीचा, भवानी पटना (ओडिशा) के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति इतनी बड़ी रकम के स्रोत और वैध परिवहन से संबंधित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। राशि के संदिग्ध होने के कारण बलौदा पुलिस ने नकदी, कार और मोबाइल को धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत विधिवत जब्त कर लिया।मामले की आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजकर विस्तृत प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है।




