महासमुंद(जीतयादव)।अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा बिक्री करते दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.800 किलोग्राम गांजा सहित मोबाइल और नगदी जब्त की है।
महासमुंद पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री पर की कार्रवाई नयापारा (महासमुंद) के पास से दो आरोपी पकड़े गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दलदली रोड काली मंदिर, नयापारा (महासमुंद) के पास दो युवक प्लास्टिक के सफेद थैले में अवैध गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ऋषभ यादव (18 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 08 नयापारा, महासमुंद और प्रियांशु चौहान (19 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 07 शिव चौक, महासमुंद को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके संयुक्त कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक थैले में रखे 1.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा आरोपियों से एक मोबाइल फोन (कीमत 4 हजार रुपये) और 460 रुपये नगद भी जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 94,460 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 144/26, धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिला महासमुंद में अवैध गांजा के 54 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 3086.510 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 15 करोड़ 38 लाख 34 हजार रुपये बताई गई है। इन मामलों में कुल 143 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 42 छत्तीसगढ़ और 101 अन्य राज्यों के हैं।



