बसना(जीतयादव)। भगत देवरी में इन दिनों ग्रामीणों को गंभीर बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण गांव में लगे ट्रांसफार्मर में अस्थायी बोर कनेक्शन दे दिया गया है, जिससे लगातार लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति में अनियमितता की समस्या बनी हुई है।
भगत देवरी में लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर समस्या से ग्रामीण परेशान, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप।
ग्रामीणों के अनुसार कम वोल्टेज के कारण घरों में उपयोग होने वाले बिजली उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। पंखे, बल्ब और अन्य घरेलू उपकरण बार-बार खराब हो रहे हैं और कई बार फ्यूज भी उड़ जाता है। इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण दैनिक कार्यों में भी परेशानी हो रही है। अचानक बिजली का आना-जाना और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से कई उपकरण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
गांव के लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। विभाग की इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर की समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि गांव में सामान्य और स्थिर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।



