महासमुंद(जीतयादव)। कोमाखान पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने कार में रखे 21.089 किलोग्राम चांदी के फैंसी आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 54 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
कार से 21.089 किलो चांदी के आभूषण बरामद वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर 59.60 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थ, हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्रियों की रोकथाम के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 मार्च 2026 को टेमरी नाका में वाहन चेकिंग के दौरान उड़ीसा के खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की मारुति सेलेरियो कार (CG 04 PY 7882) को रोका गया।
वाहन में चालक टिकेश कुमार साहू (38 वर्ष) निवासी उरला रायपुर और उसके साथ वीरेन्द्र प्रधान (50 वर्ष) निवासी टिकरापारा रायपुर सवार थे। कार की तलाशी लेने पर बीच की सीट पर रखे तीन बैगों में 10 प्लास्टिक डिब्बों में पैक 41 पैकेट चांदी के विभिन्न फैंसी आभूषण मिले, जिनका कुल वजन 21.089 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन दोनों व्यक्तियों द्वारा संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए कार और चांदी के आभूषण सहित कुल 59 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली गई।मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



