रायगढ़(जीतयादव)।जूटमिल क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी बैंक लूट की वारदात टल गई। रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की, जिससे आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
जूटमिल पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी बैंक लूट की घटना।
जानकारी के अनुसार, जूटमिल पुलिस की टीम रोजाना की तरह रात में गश्त कर रही थी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार क्षेत्र के बैंक और एटीएम की जांच कर रही थी। इसी दौरान पेट्रोलिंग में तैनात आरक्षक परमानंद पटेल और समीर बेक को पटेलपाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ा दिखाई दिया। साथ ही बैंक की लाइट बंद होने से उन्हें संदेह हुआ।
दोनों आरक्षक तुरंत बैंक की ओर पहुंचे। पुलिसकर्मियों को आता देख बाहर खड़ी गाड़ी के चालक ने वाहन स्टार्ट कर दिया और बैंक की ओर से एक व्यक्ति दौड़ते हुए आकर गाड़ी में बैठा, जिसके बाद वाहन तेजी से शहर की ओर फरार हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत सिंह और अन्य स्टाफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात आरोपियों ने बैंक का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। आरोपियों ने बैंक के दो डीवीआर निकाल लिए और बाहरी सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही बैंक के चेस्ट और लॉकर से लगी दीवार को तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।
इस पूरी कार्रवाई में जूटमिल पुलिस की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया से बड़ी वारदात टल गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।



