सरायपाली(जीतयादव)।थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में धान चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 60 बोरी धान तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
धान चोरी करने वाले पर सिंघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खरखरी निवासी प्रेमलाल प्रधान ने 9 मार्च 2026 को थाना सिंघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके परशु राइस मिल से लगे गोदाम में 60 बोरी धान रखा हुआ था। प्रत्येक बोरी में करीब 40 किलोग्राम भरा हुआ था, जिसकी कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई।

प्रार्थी ने बताया कि 7 मार्च की रात करीब 10 बजे वह गोदाम में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह जब वह गोदाम पहुंचा तो ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखा पूरा धान गायब था। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम लाती निवासी दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की पहचान बिन्दुसागर मोंगरे (20 वर्ष) और मनमोहन सारथी (19 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया 60 बोरी धान (लगभग 24 क्विंटल) बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 HD 3151) भी जब्त की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना सिंघोड़ा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।



