महासमुंद(जीतयादव)।कोमाखान पुलिस एवं ANTF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो अवैध गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त दो वाहन और मोबाइल फोन भी जप्त किए हैं।
उड़ीसा से महासमुंद लाया जा रहा था अवैध गांजा, दो बाइक और मोबाइल सहित करीब 6.30 लाख की संपत्ति जप्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति उड़ीसा की ओर से दो मोटरसाइकिल में अवैध गांजा लेकर महासमुंद की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए वाहनों को आते हुए देखा गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।

वाहनों की तलाशी लेने पर हीरो स्प्लेंडर बाइक की सीट के नीचे रखी बोरी से 7 किलो गांजा बरामद हुआ, जबकि स्कूटी की डिक्की में प्लास्टिक झिल्ली में रखा 3 किलो गांजा मिला। इस तरह पुलिस ने कुल 10 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त किया, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NJ 8116 और स्कूटी क्रमांक CG 04 NC 0372 को भी जप्त कर लिया है। साथ ही आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जप्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 6 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने चुनेलाल बाग (19 वर्ष) निवासी परवांसर थाना राजा खरियार जिला नुआपाड़ा उड़ीसा, चंद्रा तांडी (30 वर्ष) निवासी बरगांव थाना बुधेन जिला नुआपाड़ा उड़ीसा तथा संदीप देवनानी (20 वर्ष) निवासी सुभाष नगर तेलीबांधा रायपुर को गिरफ्तार किया है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस व ANTF के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में कुल 3051.511 किलो गांजा जप्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 22 लाख 23 हजार रुपये है। इस दौरान 128 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 95 आरोपी छत्तीसगढ़ के बाहर के निवासी हैं।



