बसना(जीतयादव)।अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बागबाहरा, तेंदुकोना, सांकरा, सरायपाली, बसना, पटेवा और कोमाखान क्षेत्र में संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की गई।
20 से अधिक ठिकानों पर दबिश, 233 लीटर महुआ शराब जब्त; 7 आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई।
पुलिस टीमों ने 20 से अधिक ठिकानों पर दबिश देकर ग्राम हरनादादर, सवित्रिपुर, बुंदेली, बालसी, खुसरुपाली, तोषगांव, पचरी और मानपुर सहित विभिन्न गांवों से अवैध महुआ शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान 233 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 77 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई।

इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे लगभग 990 किलो महुआ लाहन पास को मौके पर ही नष्ट किया गया। पुलिस ने अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन एवं अन्य सामग्री भी भारी मात्रा में जब्त की है। इस प्रकरण में सात व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में संचालित इस अभियान के तहत अब तक कुल 1851 लीटर 640 मिलीलीटर अवैध महुआ शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 18 हजार 198 रुपये आंकी गई है। वर्तमान तक 108 प्रकरण दर्ज कर 122 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।




