महासमुंद(जीतयादव)। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में भारत सरकार के युवाओं को नेतृत्व कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ कार्यक्रम में महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने युवाओं को नेतृत्व और जिम्मेदारी निभाने का दिया संदेश।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना, नेतृत्व क्षमता विकसित करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे।
मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि “युवाओं की ऊर्जा, सोच और संकल्प ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।” उन्होंने कहा कि आज का युवा जागरूक, तकनीकी रूप से सक्षम और राष्ट्रहित के प्रति संवेदनशील है। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।

उन्होंने विद्यार्थियों को राजनीति और शासन व्यवस्था को समझने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। सांसद ने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन छात्रों को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करते हैं और उनमें आत्मविश्वास का विकास करते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने देश के विकास, सामाजिक मुद्दों और नीति निर्माण से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और अधिक मजबूत हुई।




