महासमुंद(जीतयादव)। जिला गरियाबंद के कचना धुरवा महाविद्यालय छुरा में इक्कीसवां वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर महाविद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कचना धुरवा महाविद्यालय छुरा में मुख्य अतिथि के रूप में रूपकुमारी चौधरी की गरिमामय उपस्थिति।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलताओं और महाविद्यालय की प्रगति पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि रूपकुमारी चौधरी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज सेवा का सशक्त साधन है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समां बांध दिया।
समारोह में जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।



