महासमुंद(जीतयादव)। सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब बनाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में जिले भर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त की गई।
सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 133 लीटर महुआ शराब जब्त की।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में ग्राम लभरा कला क्षेत्र से अवैध रूप से हाथ भट्ठी से महुआ शराब बनाने में संलिप्त छह व्यक्तियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में दशरथ खड़िया (22 वर्ष), बाबुलाल खड़िया (56 वर्ष), नंद कुमार कमार (25 वर्ष), नंद कुमार खड़िया (40 वर्ष), बनर सिंह कमार (55 वर्ष) एवं दिलीप कमार (42 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम लभरा कला के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 133 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 26,600 रुपये बताई गई है। जब्त शराब में किसी के पास 30 लीटर तो किसी के पास 15 से 25 लीटर तक महुआ शराब बरामद की गई।थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने के लिए आगे भी इसी प्रकार लगातार अभियान चलाए जाएंगे। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।



