सरायपाली(जीतयादव)।संकुल स्रोत केंद्र समग्र शिक्षा नवागढ़ में संकुल स्तरीय TLM (Teaching Learning Material) मेले का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में SMDC अध्यक्ष श्री रिक्की अग्रवाल एवं सांसद प्रतिनिधि श्री मदन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
TLM मेला में शिक्षकों ने प्रदर्शित किए नवाचारी शिक्षण मॉडल बच्चों की सीख को रोचक बनाने पर जोर।
इस अवसर पर संकुल समन्वयक श्री खिरोद्र कुमार सोनी ने कहा कि TLM बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को रोचक, सरल और प्रभावी बनाता है, जिससे विषयों की समझ स्थायी होती है। वहीं संकुल प्राचार्य श्री मोतीचरण वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि कक्षा अध्यापन में TLM की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी शिक्षकों को नियमित रूप से इसका उपयोग करना चाहिए।

मेले में संकुल के सभी विद्यालयों के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। शिक्षकों द्वारा गणित, हिंदी, अंग्रेज़ी, विज्ञान एवं पर्यावरण विषयों से संबंधित विभिन्न नवाचारी TLM मॉडल प्रदर्शित किए गए। चार्ट, कार्यशील मॉडल, खेल-आधारित सामग्री तथा स्थानीय संसाधनों से निर्मित शिक्षण उपकरणों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षकों में नवाचार की भावना विकसित होती है और बच्चों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है। TLM मेले के माध्यम से शिक्षकों को एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिला, जिससे बेहतर शिक्षण पद्धतियों को अपनाने में सहयोग मिलेगा। अतिथियों ने सुझाव दिया कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों को ब्लॉक और जिला स्तर पर भी आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक शिक्षक लाभान्वित हो सकें और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में श्रेष्ठ TLM प्रस्तुत करने वाले शिक्षकों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल समन्वयक श्री खिरोद्र कुमार सोनी द्वारा किया गया।



