बसना(जीतयादव)।शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर(संकुल केंद्र जमदरहा) में सामाजिक सहभागिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला, जहाँ लगातार 14वीं बार नेवता भोज का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक गफ्फार खान के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
नेवता भोज से बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान, ग्रामीणों ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा सरस्वती माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुई। इसके पश्चात प्रधान पाठक गफ्फार खान, प्रहलाद साहू, गायत्री बरिहा एवं महत्तरीन चौहान द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर मोहरसाय साहू (राज ऑटो पार्ट्स एवं रिपेयरिंग, जमदरहा) द्वारा स्वेच्छा से पीएम पोषण योजना के अंतर्गत नेवता भोज का आंशिक रूप से आयोजन कराया गया। उनके साथ उनकी पत्नी गोमती साहू एवं दोनों सुपुत्रियाँ नंदनी साहू (कक्षा चौथी) तथा खुशी साहू (कक्षा पहली) भी उपस्थित रहीं। दोनों छात्राओं को कलम भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
नेवता भोज में बच्चों को केला, जलेबी, मिक्सचर, अमरूद, बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए गए, जिसका सभी विद्यार्थियों ने आनंद लिया। प्रधान पाठक गफ्फार खान ने इस आयोजन के लिए मोहरसाय साहू एवं उनके परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “लगातार नेवता भोज का आयोजन ग्रामवासियों के सहयोग का परिणाम है, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह बढ़ रहा है।”

शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नेहरूलाल साहू ने कहा कि ग्रामीण वनांचल क्षेत्र में 14वीं बार इस तरह का आयोजन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। वहीं समिति सदस्य कायतराम चौहान ने संकुल स्तरीय क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष खेमकुमारी साहू, सदस्य गणेशराम, रामेश्वरी चौहान, अंजली साहू, महत्तरीन, बुधियारीन, सहायक शिक्षक प्रहलाद साहू एवं आंगनबाड़ी सहायिका गायत्री सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस आयोजन पर बसना विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्रीविशाल जोल्हे, बीआरसी समन्वयक अनिल सिंह साव, सहायक बीईओ लोकेश्वर सिंह कंवर, नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी, तथा संकुल समन्वयक संघ के अध्यक्ष त्रिकांत बाघ सहित अन्य शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। अंत में प्रधान पाठक गफ्फार खान ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।




