महासमुंद(जीतयादव)।जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा “नवा बिहान साइबर जागरूकता अभियान” के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराध एवं यातायात सुरक्षा विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने हेतु टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
विभिन्न स्थानों पर चला साइबर जागरूकता अभियान
यह साइबर अभियान कांग्रेस चौक महासमुंद, सिरपुर बाजार हाट एवं मंदिर परिसर, ग्राम लाफिन खुर्द, तथा सप्तशक्ति संगम एवं मातृ सम्मेलन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं एवं छात्रों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
साइबर अपराध से बचाव के लिए दी गई अहम सलाह
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि—
साइबर स्टॉकिंग एवं फेक प्रोफाइल की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करें।
मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें एवं टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें।
फेक ट्रेडिंग एप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट की धमकी, एवं फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी जैसी घटनाओं से सतर्क रहें।
किसी भी अज्ञात लिंक, APK फाइल या वीडियो कॉल को न खोलें।
यदि किसी परिचित के नाम से पैसे की मांग की जाए तो पहले स्वयं उस व्यक्ति से संपर्क कर सत्यापन करें।
साइबर फ्रॉड पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में संपर्क करें।
“नवा बिहान साइबर जागरूकता अभियान” में नशा मुक्ति व महिला सुरक्षा पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्परिणाम, नशा मुक्त जीवन, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, अभिव्यक्ति ऐप का उपयोग, तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही डायल 112 सेवा के महत्व को भी साझा किया गया।
सप्तशक्ति संगम एवं मातृ सम्मेलन में ASP का संबोधन
ग्राम लाफिन खुर्द महासमुंद में विद्या भारती अखिल शिक्षण संस्था द्वारा आयोजित सप्तशक्ति संगम एवं मातृ सम्मेलन में अपर पुलिस अधीक्षक श्रीमती सारिका वैद्य द्वारा साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं यातायात सुरक्षा विषयों पर जागरूक किया गया।इस कार्यक्रम में लगभग 600 छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामवासी लाभान्वित हुए।
“नवा बिहान साइबर जागरूकता अभियान” के तहत पुलिस का संदेश
महासमुंद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें, जागरूक बनें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि साइबर अपराध एवं सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।








