सरायपाली(जीतयादव)। रूड़ा में श्री राधा-कृष्ण मंदिर निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के माननीय शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रोटोकॉल में परिवर्तन के पश्चात शिक्षा मंत्री आज अपराह्न 3 बजे ग्राम रूड़ा पहुंचेंगे।आज फुलझर राज झेरिया यादव समाज बसना–सरायपाली के तत्वावधान में पावन, ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है।
श्री राधा-कृष्ण मंदिर निर्माण से गांव में जागेगी आध्यात्मिक चेतना
भूमिपूजन कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ संपन्न होगा। इस शुभ अवसर पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, ग्राम के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर ग्राम रूड़ा सहित आसपास के गांवों में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

फुलझर राज झेरिया यादव समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री राधा-कृष्ण मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि यह क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा को भी मजबूत करेगा। मंदिर निर्माण से ग्रामीणों को पूजा-पाठ, धार्मिक आयोजनों एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक स्थायी और सशक्त मंच प्राप्त होगा।

माननीय शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव के आगमन को लेकर प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, यातायात एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था को भी व्यवस्थित और सुचारु रूप से सुनिश्चित किया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।

समाज के पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन भूमिपूजन कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन ग्राम रूड़ा के धार्मिक और सामाजिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने जा रहा है।



