महासमुंद(जीतयादव)।थाना सिटी कोतवाली महासमुंद क्षेत्र में सोना-चांदी चमकाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को बिहार राज्य के सबौर थाना क्षेत्र, जिला भागलपुर से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 23 दिसंबर 2025 को सुबह लगभग 11:30 बजे थाना महासमुंद क्षेत्र में दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा महिला से ठगी की घटना को अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने प्रार्थिया श्रीमती सरिता चंद्राकर से पहले पीतल की बाल्टी साफ कर दिखाकर उसका विश्वास जीता। इसके बाद सोना-चांदी के जेवर चमकाने का झांसा देकर उसके 04 सोने के कंगन एवं 01 सोने की अंगूठी को गर्म पानी में डालकर साफ करने की बात कही और जेवर लेकर मौके से फरार हो गए। ठगी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई।
सोना-चांदी चमकाने के बहाने लाखों की ठगी, बिहार से आरोपी गिरफ्तार
घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया गया। साथ ही मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी सहायता के माध्यम से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।

पुख्ता जानकारी के आधार पर महासमुंद पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी कन्हैया प्रसाद शाह (उम्र 44 वर्ष) निवासी सबौर, जिला भागलपुर (बिहार) को गिरफ्तार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से सोना-चांदी के जेवर, जेवर चमकाने में प्रयुक्त पाउडर एवं सामग्री, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा ₹2,00,000 नगद राशि बरामद की गई। जप्त सामग्री को थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में सुरक्षित रखा गया है।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
यह संपूर्ण कार्रवाई थाना महासमुंद पुलिस एवं साइबर सेल महासमुंद की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोना-चांदी साफ करने या चमकाने के बहाने आने वाले अज्ञात व्यक्तियों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


