महासमुंद(जीतयादव)।खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारू एवं नियमसम्मत बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा जिले में लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री लंगेह ने सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत ओडिशा राज्य की सीमा से लगे सिरपुर, रेहटीखोल एवं छिबरा स्थित अंतर्राज्यीय जांच चौकियों का औचक निरीक्षण किया।
अवैध धान परिवहन व भंडारण पर रोक लगाने सीमावर्ती ओडिशा जांच चौकियों पर प्रशासन की सख्त निगरानी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान परिवहन से संबंधित सभी अभिलेखों, ई-पास, ऑनलाइन एंट्री, वाहन जांच रजिस्टर एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने जांच चौकियों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध धान परिवहन एवं अवैध भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर श्री लंगेह ने निर्देशित किया कि सभी धान लदे वाहनों की सघन जांच की जाए तथा ई-पास एवं वैध दस्तावेजों का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए। संदेहास्पद वाहनों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने जांच चौकियों पर सतत निगरानी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि अंतर्राज्यीय सीमाओं पर अवैध धान की तस्करी रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी रोस्टर का कड़ाई से पालन करने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा शिकायत मिलने पर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम सरायपाली श्रीमती अनुपमा आनंद, तहसीलदार श्रीधर पंडा सहित राजस्व, मंडी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी पर आगे भी इसी प्रकार सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।




