सरायपाली(जीतयादव)।कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एसडीएम सरायपाली श्रीमती अनुपमा आनंद के नेतृत्व में तहसील सरायपाली क्षेत्र में अवैध धान भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।

अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का सख्त रुख नियमानुसार जब्ती कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू
इस कार्रवाई में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। संयुक्त टीम द्वारा समलेश्वरी इंडस्ट्रीज एवं हिंदुस्तान एग्रोटेक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भंडारण स्थल पर उपलब्ध धान की मात्रा एवं संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

जांच में भंडारण में भारी अनियमितता पाई गई तथा मंडी अधिनियम एवं निर्धारित नियमों के उल्लंघन के तथ्य सामने आए। अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा मौके पर ही कुल 27,200 बोरे धान जब्त किए गए। यह जब्ती मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई।जब्त किए गए धान को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध धान भंडारण, परिवहन एवं व्यापार पर सतत निगरानी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी।



