महासमुंद।कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जन चौपाल के दौरान आमजन ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए।

जन चौपाल में 73 आवेदन प्राप्त, धान विक्रय, पीएम आवास, पेंशन व आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतें शामिल
शिविर में भौतिक सत्यापन, धान बेचने में आ रही समस्याएं, एग्रीस्टैक पंजीयन, प्रधानमंत्री आवास योजना, लंबित राशि भुगतान सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 73 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर विनय लंगेह ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जन चौपाल में ग्राम गिरना निवासी गायत्री निषाद ने वृद्धा पेंशन से संबंधित जानकारी के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम लाफिनकला निवासी जेठूराम सतनाम ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन न्याय योजना की लंबित राशि के संबंध में आवेदन दिया।इसी तरह ग्राम लभराखुर्द निवासी ताराचंद धीवर ने मजदूर पंजीयन कार्ड बनवाने, ग्राम बकमा निवासी टोमीन साहू ने श्रम पंजीयन कार्ड में संशोधन कराने के लिए आवेदन किया।

जन चौपाल में सामाजिक और मानवीय सरोकार से जुड़े आवेदन भी सामने आए। ग्राम बनसिवनी निवासी टेकचंद बांधे ने अपने सुपुत्र के इलाज हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। वहीं ग्राम बिराजपाली निवासी गोवर्धन बरिहा ने तीन पहिया बैटरी वाहन उपलब्ध कराने के लिए आवेदन किया।इसके अलावा दिव्यांग तीरंदाज खिलाड़ी सविता निषाद ने खेल गतिविधियों के लिए आर्थिक सहायता की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया।

कलेक्टर विनय लंगेह ने सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि पात्रता के आधार पर समस्याओं का समाधान किया जाएगा और जरूरतमंद हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। जन चौपाल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।



