महासमुंद(जीतयादव)। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के जिलाध्यक्ष एवं खलारी विधायक द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य एवं बसना विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान की प्रमुख उपस्थिति रही।
घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “सत्यमेव जयते” और “सत्य की जीत हुई” जैसे नारों के साथ भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि भाजपा सत्ता के बल पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठे मामलों और दबाव की राजनीति के जरिए कांग्रेस की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई, लेकिन अब सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सत्य और संविधान के साथ खड़ी रही है और भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करती रहेगी।
प्रदर्शन के मद्देनजर नगर पालिका के सामने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड को धकेलते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दोबारा मोर्चा संभाला, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को वहीं रोक लिया गया। कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा, हालांकि बाद में स्थिति शांतिपूर्ण हो गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा भविष्य में भी सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने की कोशिश करती रही, तो कांग्रेस आने वाले दिनों में और भी व्यापक एवं उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर भाजपा की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।



