महासमुंद।फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा रात्रिकालीन रक्त सर्वे अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आई. नागेश्वर के मार्गदर्शन में संचालित हुआ। ठंड और रात के समय कार्य की कठिनाइयों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम नादगांव और अछोली में घर-घर जाकर लोगों के रक्त के नमूने एकत्र किए।

रात्रि सर्वेक्षण के दौरान सेक्टर निरीक्षक किशोर पटेल, RHO राजेंद्र सिदार, कमल दास, मिथिलेश बोयर, हिराधर बरिहा, हरिशंकर कन्नोजे, आदित्य गोस्वामी की टीम सक्रिय रूप से फील्ड में मौजूद रही। इसके साथ ही जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. वी. पी. सिंह तथा मलेरिया निरीक्षक दीपक तिवारी ने संपूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण एवं मार्गदर्शन किया।

अभियान में मितानिनों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला, जिन्होंने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया और स्वास्थ्य टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। फाइलेरिया जैसे गंभीर रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए रात्रिकालीन रक्त संग्रह अत्यंत आवश्यक माना जाता है, क्योंकि इस रोग के परजीवी रात के समय अधिक सक्रिय रहते हैं।
स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में फाइलेरिया की रोकथाम और समय रहते संक्रमण की पहचान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सर्वेक्षण के बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्वास्थ्य रणनीति तैयार की जाएगी।




