बसना। सर्व आदिवासी समाज द्वारा 10 दिसंबर 2025 को महान क्रांतिकारी और छत्तीसगढ़ की शान अमर शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान दिवस अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आदिवासी भवन, बसना से हुई, जहाँ सुबह से ही विभिन्न समाजों के लोग पारंपरिक वेशभूषा में एकत्रित होने लगे। सभी ने वीर नारायण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अमर बलिदान को नमन किया।

इसके बाद आदिवासी भवन से एक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और समाज के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के दौरान “शहीद वीर नारायण सिंह अमर रहे”, “आदिवासी एकता ज़िंदाबाद” जैसे नारे गूंजते रहे। यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहीद वीर नारायण सिंह चौक पहुँची, जहाँ पूरे मार्ग में उत्साह, सम्मान और एकता का विशेष माहौल देखने को मिला।

चौक में समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह ने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध खड़े होकर संपूर्ण समाज को साहस और जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम में युवाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, वहीं महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के माध्यम से शहीद को नमन किया। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा, सांस्कृतिक धरोहर और जागरूकता को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान दिवस के सफल संचालन में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों के साथ गोड़ समाज से बरत राम नागेश, कोडाकू समाज से विष्णु मांझी, संवरा समाज से गजानंद भोई, कोंध समाज से दिरिप सिंह मलिक, तथा युवा साथी बृज जगत, पाण्डव नाग, मुनू सिंग जगत, ईश्वर पोर्ते, विजय कौशिक, शोभन ठाकुर, शांतिलाल सिदार, थान सिंग जगत, पहलवान सिदार, बुद्धेश्वर सिंह श्याम, गुन सिंग सिदार, रामधन सिदार, मोहन सिदार, राजेश सिदार, प्रेम सिंह जगत, उपेंद्र नाग, हेमलाल सिदार, पंकज कश्यप, इंदल बरिहा, विजय भानू, तेज सिंह सिदार, सहदेव वर्गे, महेंद्र वर्गे, निर्मल नाग, लोकेश्वर सिंह कंवर (ए.बी.ओ.), संजू सिदार, नियत सिदार, पद्मलोचन सिदार, सरविन्द सिदार एवं समस्त सर्व आदिवासी समाज के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम के अंत में समाज विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और आपसी एकता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। इस प्रकार बसना में शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान दिवस गरिमामय वातावरण में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।




