सरायपाली(जीतयादव)।जिले में उड़ीसा की ओर अवैध रूप से धान परिवहन पर लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सरायपाली राजस्व विभाग की टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सरायपाली तहसील के ग्राम मुरमुरी चौक में गुप्त सूचना के आधार पर तहसीलदार श्रीधर पंडा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने देर रात छापामार कार्रवाई कर एक माजदा वाहन को पकड़ा, जिसमें 100 कट्टा अवैध धान भरा हुआ था।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
तहसीलदार श्रीधर पंडा ने बताया कि टीम को जानकारी मिली थी कि उड़ीसा की ओर बड़े पैमाने पर धान की अवैध आवाजाही की जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया। मुरमुरी चौक में संदिग्ध माजदा गाड़ी को रोककर जांच की गई।
वैध दस्तावेज नहीं मिले, वाहन जब्त
जांच के दौरान वाहन चालक किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने धान के 100 कट्टों सहित माजदा वाहन को जब्त कर लिया। जब्त वाहन व धान को सिंघोड़ा थाना में सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रात्रि गश्त में लगातार सक्रिय प्रशासन
प्रशासन ने बताया कि धान परिवहन सीजन में अवैध खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए रात्रि गश्त को और मजबूत किया गया है। सरायपाली क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदेहास्पद वाहनों की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में—
तहसीलदार : श्रीधर पंडा
नायब तहसीलदार : हरी प्रसाद भोई
पटवारी : गजेंद्र नायक
पटवारी : मजेश भोई
नगर सैनिक : तरुण मांझी
सहित अन्य राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।




