महासमुंद(जीतयादव)।जिला महासमुंद पुलिस द्वारा शुक्रवार को श्रवण होटल में जन साहस कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में ग्रामीणों, छात्रों, शिक्षकों और मितानिनों को साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर लोगों को सावधान करते हुए टोल-फ्री नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत करने की अपील की। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन फ्रॉड होने पर 1930 पर तुरंत कॉल करने से पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
साइबर अपराधों पर विस्तृत जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जागरूक किया, जिनमें शामिल हैं—
साइबर स्टॉकिंग, फेक प्रोफाइल, साइबर बुलिंग की तुरंत रिपोर्ट करें।
सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत व संवेदनशील जानकारी साझा न करें।
मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें और टू-स्टेप वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से ऑन रखें।
फेक ट्रेडिंग एप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अफसर बनकर ठगी जैसे नए साइबर अपराधों से सतर्क रहें।
किसी भी APK फाइल या संदिग्ध लिंक को कभी न खोलें।
अनजान वीडियो कॉल न उठाएँ और यदि कोई परिचित पैसे मांगे तो पहले नंबर की खुद पुष्टि करें।
ऑनलाइन ठगी का कोई मैसेज आए जिसमें पैसे डबल करने का लालच हो, तो उसे तुरंत ब्लॉक करें।
“आपके नाम से FIR हुई है” जैसे फर्जी कॉल से सावधान
पुलिस ने बताया कि कई अपराधी खुद को पुलिस अफसर, जज या बैंक अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और पैसा मांगते हैं।
ऐसी स्थिति में—
किसी भी प्रकार का पैसा फोन पे / गूगल पे से न भेजें।
तुरंत 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत करें।
नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर भी की गई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने नशे के खतरों और समाज पर उसके प्रभावों की जानकारी दी। महिला संबंधी अपराधों, अभिव्यक्ति ऐप के महत्व और सुरक्षा उपायों पर भी जागरूकता दी गई।
गौ-वध व पशु तस्करी की सूचना तुरंत देने की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों से कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या पशु तस्करी दिखाई देने पर तुरंत थाने को सूचना दें।
डायल 112 का महत्व
पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर कॉल कर तुरंत मदद प्राप्त की जा सकती है।इस जागरूकता कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्रामीण और मितानिनें शामिल हुए और इससे लाभान्वित हुए।





