बसना (जीत यादव): सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम भतकुंदा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां पेड़ से मोटरसाइकिल टकराने से बाइक सवार सफल सामल की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद 30 नवंबर को मामला दर्ज कर लिया है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार सफल सामल अपने साथी उदेराम के साथ 4 नवंबर को मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 E 1986 से ग्राम टेमरी गया था। दोनों भोजन करने के बाद उसी मोटरसाइकिल से भतकुंदा लौट रहे थे। मोटरसाइकिल उदेराम चला रहा था, जबकि सफल उसके पीछे बैठा हुआ था।

आमानाला—भतकुंदा के पास पहुँचने पर उदेराम द्वारा मोटरसाइकिल तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाए जाने के कारण वाहन पेड़ से जोरदार टकरा गया। हादसे में सफल सामल की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चालक उदेराम घायल हो गया।पुलिस ने मामले में बाइक क्रमांक CG06 E 1986 के चालक उदेराम के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।




