महासमुंद। स्थानीय टाउन हॉल में आयोजित भवन अनुज्ञा पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से चर्चा की और विभिन्न जनहित कार्यों के लिए सहयोग की मांग की।नपाध्यक्ष साहू ने बताया कि शहर की बढ़ती जनसंख्या के मद्देनज़र नए आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। साथ ही टाउन हॉल की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण भी जरूरत बन चुका है। इन दोनों विषयों पर परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि बस स्टैंड निर्माण हेतु नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से बजट स्वीकृति की मांग भी की गई है। नगर विकास से जुड़े इन आवश्यक कार्यों को शीघ्र स्वीकृति मिलने की आवश्यकता है।साहू ने विधायक सिन्हा से आग्रह किया कि बस स्टैंड निर्माण और टाउन हॉल के सौंदर्यीकरण हेतु आवश्यक बजट जल्द मंजूर कराने में सहयोग प्रदान करें।उन्होंने कहा—
“नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। इन योजनाओं से शहर के दीर्घकालिक विकास को गति मिलेगी।”

इस मौके पर सभी सभापतियों और उपस्थित पार्षदों ने भी सहमति जताते हुए प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए।
पालिका अध्यक्ष साहू ने कहा कि नया बस स्टैंड केवल एक अवसंरचना परियोजना नहीं, बल्कि नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। नगर का विकास जनता का अधिकार है और इसके लिए पालिका लगातार प्रयासरत है।



