बसना (जीत यादव)। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान एवं चावल के परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को राजस्व, वन, मंडी तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 720 कट्टा अवैध धान और 315 क्विंटल चावल जब्त किया। जप्त सामग्री को संबंधित थानों एवं संस्थानों को विधिसम्मत सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
टेमरी जांच चौकी में 315 क्विंटल चावल जब्त
बागबाहरा विकासखंड के अंतर्गत अंतर्राज्यीय जांच चौकी टेमरी में जांच के दौरान एक वाहन में 315 क्विंटल चावल बिना किसी वैध दस्तावेज के परिवहन करते पाया गया। मौके पर मौजूद वन विभाग एवं जांच चौकी कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चावल को थाना बागबाहरा के सुपुर्द कर दिया।
बागबाहरा कला में 150 कट्टा धान बरामद
इसी तरह ग्राम बागबाहरा कला में संयुक्त टीम ने छापा मारकर 150 कट्टा अवैध धान जप्त किया। धान को नियमानुसार मंडी/थाना के सुपुर्द किया गया। संबंधित व्यक्तियों पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
सरायपाली क्षेत्र में सबसे बड़ी जब्ती
तहसील सरायपाली के ग्राम मलदामाल में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने 365 कट्टा अवैध धान बरामद किया।
वहीं ग्राम चारभाठा में संतोष गुप्ता के निजी गोदाम से 105 कट्टा धान बिना दस्तावेज के संग्रहित पाया गया। सभी धान को उठाकर थाना सिंघोड़ा में विधिसम्मत जमा कराया गया।
पिपरौद में 100 कट्टा अवैध धान मिला
संयुक्त टीम ने ग्राम पिपरौद में भी जांच की, जहाँ 100 कट्टा धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। इसे भी जप्त कर मंडी प्रबंधन को सुपुर्द किया गया है।
कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अवैध धान-चावल के परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों, अंतर्राज्यीय जांच चौकियों, और जांच टीमों को संदिग्ध वाहनों तथा भंडारण स्थलों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
जिले में सतर्कता बढ़ाई गई
प्रशासन ने बताया कि मौजूदा सीजन में अवैध धान की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी गई है। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर छापेमारी और सत्यापन कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।





