बसना (जीत यादव)। बसना विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर (संकुल केंद्र जमदरहा) में संविधान दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान पाठक गफ्फार खान द्वारा भारत संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।

इसके बाद विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया और शपथ ग्रहण कर संविधान के प्रति सम्मान बनाए रखने का संकल्प लिया। प्रधान पाठक गफ्फार खान ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने संविधान को अपनाया था, जो 26 जनवरी 1950 को प्रभावी हुआ।उन्होंने छात्रों को भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताओं, इसकी लंबाई, लिखित स्वरूप और विश्व के सर्वश्रेष्ठ लोकतांत्रिक दस्तावेजों में शामिल होने के बारे में जानकारी दी। सहायक शिक्षक प्रहलाद साहू ने भी बच्चों को संविधान की महत्ता पर संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सुमन, पायल, गुंजन, हेमकुमारी, टिंवीकल, गरिमा, कृष्णा, हरीश, थमलेश सहित कई छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप कलम, पेंसिल, रबर, कटर आदि प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण भी किया गया।

संविधान दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्रीविशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर, विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक अनिल सिंह साव, जामदारहा नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी एवं संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे ने प्रसन्नता व्यक्त की है।




