सरायपाली में मितानिन सम्मान समारोह, विधायक चातुरी नंद ने 400 से अधिक मितानिन बहनों को किया सम्मानित
सरायपाली। विधायक कार्यालय सरायपाली में मितानिन सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चातुरी नंद तथा विशिष्ट अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री त्रिवेणी चंद्राकर उपस्थित रहीं। क्षेत्र की 400 से अधिक मितानिन बहनें कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिन्हें विधायक चातुरी नंद ने साड़ी भेंटकर सम्मानित किया।
विधायक चातुरी नंद ने मितानिन बहनों को समाज की वास्तविक ‘सेवा दूत’ बताते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण सुधार और जन-जागरूकता जैसे मोर्चों पर मितानिनों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, “सरकार की हर स्वास्थ्य योजना की सफलता में मितानिन बहनों का त्याग, समर्पण और सेवा भाव सबसे बड़ी ताकत है। गांव के दूरस्थ हिस्सों में जहां डॉक्टर नहीं पहुँच पाते, वहां सबसे पहले मितानिन पहुंचती हैं।”
कार्यक्रम में विभिन्न मितानिनों, समन्वयकों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मितानिन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रुदना राणा, पार्वती पटेल, स्वच्छ पंचायत समन्वयक लोचना सोना, रामबती बारीक, एमटी मालती चौहान, मीना पटेल, माधुरी पंडा, सुजाता नंद, गायत्री यादव, तारा निषाद और सरिता साहू सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।




