बसना(जीत यादव )।छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से पूरे प्रदेश में प्रारंभ हो चुकी है। इसी क्रम में दस दिन पश्चात सोमवार को बसना विकासखंड के ग्रामीण सेवा सहकारी समिति खरोरा (पंजीयन-1275) में धान खरीदी केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल गढ़फुलझर के अध्यक्ष नरहरि पोर्ते उपस्थित रहे।
परंपरा के अनुरूप अतिथियों ने तौल मशीन और बांट की विधिवत पूजा-अर्चना की। केंद्र में धान बेचने पहुंचे प्रथम किसान गजानंद पटेल का तिलक लगाकर एवं फूलमाला पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि पोर्ते ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।” उन्होंने बताया कि किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल की सीमा तक ₹3,100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समिति अध्यक्ष केदारनाथ पटेल ने कहा कि किसानों का विश्वास ही छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा की असली शक्ति है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी अभियान किसानों के परिश्रम को सम्मान देने का अवसर है।
धान खरीदी कार्यक्रम में जनपद सदस्य नरेश पटेल, सरपंच गुढ़ियारी श्रीकांत पटेल, सरपंच गिधली साबित मांझी, पूर्व सरपंच रणजीत नायक, सुरेश पटेल, बंशीधर चौधरी, देवानंद, गणेश पटेल, लखपति पटेल, आनंदराम, बुधूराम पटेल, खिरोद नाग, समिति प्रबंधक ललित पटेल, सदानंद नायक सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

60 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य
समिति क्षेत्र के 6 गांवों के लगभग 769 किसानों से इस वर्ष करीब 60,000 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था और तकनीकी सिस्टम को सुदृढ़ किया गया है।



