बसना(जीत यादव)। मॉडर्न पब्लिक स्कूल बसना ने शनिवार को नृसिंहनाथ, ओडिशा में एक रोमांचक और मनोरंजक पिकनिक का सफल आयोजन किया। जिसमे नर्सरी से लेकर यूकेजी एवं कक्षा पहली से तृतीय तक के सभी विद्यार्थी सम्मिलित हुए। इस पिकनिक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई से एक ताज़गीपूर्ण अवकाश देना, सामूहिकता की भावना विकसित करना और यादगार अनुभव प्रदान करना था।

सुबह से ही बच्चों में उत्साह देखने को मिला। सभी विद्यार्थी निर्धारित समय पर विद्यालय पहुँचे और बसें सुबह 8:00 बजे प्रस्थान हुईं। नाश्ते के बाद बच्चों ने नृसिंहनाथ की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और हरियाली का भरपूर आनंद लिया। छोटे-छोटे खेलों और गतिविधियों ने इस यात्रा को और भी विशेष बना दिया।

विद्यार्थियों ने शिक्षकों और साथ आए अभिभावकों के साथ मनोरंजन गतिविधियों में हिस्सा लिया तथा स्वादिष्ट भोजन का आनंद भी लिया। पिकनिक के दौरान छात्रों ने बॉटनिकल गार्डन का भ्रमण किया और प्रकृति संरक्षण एवं वनस्पति विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।

अभिभावकों ने विद्यालय के उत्कृष्ट प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और व्यवस्थित आयोजन की प्रशंसा की।इस सफल पिकनिक के आयोजन का श्रेय विद्यालय की आयोजन समिति, प्रबंधन, शिक्षकगण और सहयोगी स्टाफ को जाता है। कार्यक्रम का संचालन माननीय प्राचार्य श्री एस.के. आचार्य तथा शैक्षणिक समन्वयक श्री सी. पाणिग्रही और गजेंद्र साहू के मार्गदर्शन में हुआ।




