महासमुंद में धान खरीदी में नई व्यवस्था लागू, टोकन ‘तुहर ऐप’ से घर बैठे मिलेंगे
बसना(जीत यादव)। राज्य शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के लिए नई टोकन प्रणाली लागू की गई है। नई व्यवस्था के तहत टोकन जारी करने की प्रक्रिया को सरल और किसान हितैषी बनाया गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जारी निर्देशों के अनुसार भूमि श्रेणी के आधार पर किसानों को टोकन दिए जाएंगे।
नई पात्रता के अनुसार—
2 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 1 टोकन
2 से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 2 टोकन
10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन दिए जाएंगे।
‘टोकन तुहर ऐप’ से मिल रहा लाभ
किसानों की सुविधा को देखते हुए शासन ने टोकन तुहर ऐप की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से किसान घर बैठे लॉगिन कर टोकन प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित व्यवस्था के तहत उपलब्ध टोकनों में से:
80% टोकन लघु एवं सीमांत किसानों के लिए आरक्षित
20% टोकन बड़े किसानों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
किसानों द्वारा आवेदन की तिथि से अगले सात खरीदी दिवस तक का टोकन सिस्टम से जारी किया जाएगा।
टाइमिंग और प्रक्रिया
समिति केंद्रों में टोकन वितरण समय:
रविवार से शुक्रवार, सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक।टोकन तुहर ऐप से ऑनलाइन टोकन वितरण:
प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।
प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे अपने निर्धारित टोकन समय पर ही धान लेकर खरीदी केंद्र पहुँचें, ताकि प्रक्रिया सुव्यवस्थित और बिना किसी अव्यवस्था के पूरी हो सके।





