महासमुंद।भारतीय तीरंदाजी संघ द्वारा 42वीं एनटीपीसी सब-जूनियर (बालक एवं बालिका) राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप का आयोजन 22 से 30 नवंबर तक ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में जिले के बागबाहरा स्थित बॉल आश्रम बिहाझर और खेलो इंडिया तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र भोरिंग से प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।
राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले चयनित खिलाड़ियों में तोरण यादव, चांदनी साहू, जया साहू, डोमेश्वरी साहू, देविका साहू और नवलीन कौर शामिल हैं। ये खिलाड़ी इंडियन राउंड, कंपाउंड राउंड और रिकर्व राउंड में भाग लेंगे।
शुक्रवार को खिलाड़ी उत्साह के साथ जिले से रवाना हुए। इनमें से जया साहू और डोमेश्वरी साहू छत्तीसगढ़ राज्य टीम में शामिल होकर प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं अन्य खिलाड़ी आधुनिक धनुष के साथ नेशनल प्रतियोगिता में प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले भी ये तीरंदाज इंडियन राउंड की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुके हैं।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में चयन और बेहतर प्रदर्शन के लिए जिला प्रशासन और खेल जगत से शुभकामनाएं मिली हैं। इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, भारतीय तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका, छत्तीसगढ़ आर्चरी एसोसिएशन के सचिव आयुष मुरारका, खेल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




