प्राथमिक शाला दुधीपाली में बाल दिवस एवं FLN मेले का भव्य आयोजन, बच्चों ने लगाए आकर्षक शैक्षणिक स्टॉल
बसना। प्राथमिक शाला दुधीपाली में बाल दिवस के अवसर पर FLN (Foundational Literacy and Numeracy) मेला धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पालकों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान पाठक उषा ठाकुर द्वारा अतिथियों और उपस्थित पालकों का स्वागत करते हुए हुई। उन्होंने कहा कि FLN मेला बच्चों की मूलभूत साक्षरता एवं अंकज्ञान को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे उनकी सीखने की क्षमता में निरंतर वृद्धि होती है।

मेले में बच्चों ने भाषा, गणित, पठन-पाठन, पर्यावरण अध्ययन, पहेली, कला एवं रचनात्मक गतिविधियों के आकर्षक स्टॉल लगाए। प्रत्येक स्टॉल पर बच्चों ने सीखने-सिखाने की गतिविधियों को रोचक खेल, मॉडल, चार्ट और गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
पालकों ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पढ़ाई के प्रति और अधिक प्रेरित होते हैं।

मेले में बच्चों की सहभागिता देखते ही बनती थी—किसी स्टॉल पर गणित के खेल चल रहे थे तो कहीं भाषा संबंधित गतिविधियाँ, कुछ बच्चे पहेलियाँ हल करवा रहे थे तो कुछ अपने बनाए मॉडलों का प्रदर्शन कर रहे थे।कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मिठाई, पेन और अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इससे बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी।इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वंदना नेताम, तेजस्विनी साहू, हेम्बाई, उर्मिला, कौशल्या, रेवती, खेमोबाई सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।




